News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पीएम आवास का 31 तक काम नहीं हुआ पूरा तो 01 जून से करेंगे अनशन : सरयू

पूर्वी सिंहभूम, 05 मई । पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की चाबी वितरण को लेकर मंगलवार को विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 75 से अधिक लाभुकों के साथ जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार और जुडको के प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार भी मौजूद थे।

बैठक के दौरान आवास परियोजना के अधूरे कार्यों को लेकर लाभुकों ने गहरी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि लंबे समय से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि जमीन पर काम पूरा नहीं हुआ है। कई लाभुक भावुक भी हो गए और उन्होंने अपनी गंभीर समस्याएं सामने रखीं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि आवास परिसर में सड़क, नाली और ड्रेनेज का कार्य अभी अधूरा है, जिसके कारण प्रोजेक्ट का हैंडओवर नहीं हो पाया है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि ड्रेनेज कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि करीब एक महीने के भीतर शेष निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।

हालांकि, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने स्पष्ट किया कि जब तक जुडको सभी बुनियादी सुविधाएं पूरी नहीं करता, तब तक परियोजना का हस्तांतरण जेएनएसी को नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कम से कम एक माह और लग सकता है, जिसके बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

लाभुकों ने बैठक में समयसीमा तय करने और लिखित आश्वासन देने की मांग की। इसके बाद सहमति बनी कि 31 मई तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे और इसके बाद चाबी वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

इसी दौरान विधायक सरयू राय ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा तक कार्य पूरा नहीं हुआ और लाभुकों को मकान की चाबी नहीं मिली, तो वे 1 जून से अनशन पर बैठेंगे।

बैठक में बिजली मीटर कनेक्शन शुल्क का मुद्दा भी उठाया गया। लाभुकों ने आरोप लगाया कि अलग-अलग शहरों में एक ही योजना के तहत अलग-अलग दरें वसूली जा रही हैं। रांची में जहां मीटर मुफ्त दिए जा रहे हैं, वहीं बोकारो में 1500 रुपये और जमशेदपुर में 13,600 रुपये तक लिए जा रहे हैं। इस पर सरयू राय ने बोकारो के उपायुक्त से फोन पर जानकारी भी ली।

Leave a Reply