गग्गल एरोसिटी परियोजना: प्रभावित लोगों के लिए मुआवज़ा दरें बढ़ाने की मांग, सरकार ने दिया भरोसा
शिमला, 05 मई । मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से मंगलवार को उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुलाकात कर गग्गल एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित एरोसिटी परियोजना को लेकर अहम मुद्दे उठाए। इस दौरान पठानिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि ज़िला प्रशासन द्वारा परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और वर्तमान में एयरपोर्ट के आसपास की जमीन की कीमत करीब 24 लाख रुपये प्रति कनाल आंकी जा रही है।
पठानिया ने मांग की कि जिन लोगों की जमीन इस परियोजना के लिए ली जा रही है, उन्हें उचित मुआवज़ा मिलना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मुआवज़ा दरों का दोबारा निर्धारण किया जाए ताकि प्रभावित लोगों के साथ न्याय हो सके और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो।
बैठक में एरोसिटी परियोजना से होने वाले संभावित फायदों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि इस परियोजना के पूरा होने से इलाके में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस मामले पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उन्हें उचित मुआवज़ा मिले।