पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब वर्मा, एनडीएमसी अध्यक्ष और सदस्यों ने तीन “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का किया उद्घाटन
“आयुष्मान आरोग्य मंदिर” गोल्फ लिंक का उद्घाटन करने के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और सभी स्वास्थ कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि आज नई दिल्ली इलाके के लोगों को दो और “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” समर्पित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक गोल्फ लिंक में और अन्य दो नेताजी नगर एवं बापू धाम डिस्पेंसरी शुरू की जा रही है।
गोल्फ लिंक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर डिस्पेंसरी का उद्घाटन करने के बाद प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की नई पहल के तहत, लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए दिल्ली में कई जगहों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछली डिस्पेंसरियों में लैब टेस्टिंग की सुविधा नहीं थी, लेकिन अब के आयुष्मान आरोग्य केंद्र में अब लैब की सुविधा भी होगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ देखभाल सेवाओं की डिलीवरी को बेहतर बनाने के लिए डिस्पेंसरियों को हर साल अतिरिक्त 25 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बाहर से जो खरीदी जाने वाली महंगी दवाएं थी, अब यहां मुफ्त मिलेंगी, जिससे लोगों की जेब पर बोझ कम होगा।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसी हेल्थकेयर सेवाएं शुरू करने का मकसद लोगों को सरलता और सुगमता और अच्छी क्वालिटी की स्वास्थ सेवाएं देना है। अगर ये सेंटर शुरू से ही बेहतर हेल्थकेयर सर्विस देंगे, तो लोगों को महंगे अस्पताल में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस मौके पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहल के तहत एनडीएमसी ने अपने इलाके में 12 डिस्पेंसरी को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नाम से रीब्रांड किया है और जनता के लिए खोला है। एनडीएमसी का मेडिकल सर्विस डिपार्टमेंट, अपने इलाके के सभी लोगों को पूरी स्वास्थ सुविधाएं देता है और कई सर्विस उन लोगों को भी देता है,जो इलाके में नहीं रहते।
समारोह में आये लोगों को संबोधित करते हुए, पालिका परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि ने कहा कि यहां एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक जैसी सभी तरह की मेडिकल प्रैक्टिस के साथ-साथ टेस्टिंग, वैक्सीनेशन, दवा वगैरह की सुविधाएं भी दी जाएंगी।
नेताजी नगर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन करने के बाद पालिका परिषद सदस्य , दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह पहल भारत के सभी नागरिकों को पूरी स्वास्थ सुविधा देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के आयुष्मान भारत के विजन का ही एक रूप है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन के हिसाब से एनडीएमसी स्वास्थ सुविधा प्रदान कर रही है और उसे बनाए रखती है, जिसमें जल्दी डायग्नोसिस, इलाज, रिहैबिलिटेशन और बचाव के उपाय (वैक्सीनेशन) इत्यादि शामिल हैं।
एनडीएमसी स्वास्थ्य सेवाएं चरक पालिका हॉस्पिटल (154 बेड), पालिका मैटरनिटी हॉस्पिटल (65 बेड), दो पॉलीक्लिनिक (डेंटल यूनिट और चेस्ट क्लिनिक) और 13 डिस्पेंसरी के जरिए चलती हैं और सभी स्वास्थ सुविधा ई-हॉस्पिटल सिस्टम के जरिए दी जाती हैं।