नौगांव आपदा पीड़ितों ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
गुरुवार को नगर पंचायत नौगांव के वार्ड- 4,6 के आपदा प्रभावितों ने सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर लोगों ने आपदा में हुए नुकसान का सही आकलन करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तत्काल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रभावितों ने नौगांव चौराहे पर प्रशासन और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक और प्रशासन पर आरोप लगाया कि नौगांव नगर पंचायत में भीषण आपदा आई जिसमें सैकड़ों लोग प्रभावित हुए, लेकिन सरकार और प्रशासन ने नुकसान का सही आकलन नहीं किया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
इसके अलावा बिंगसी मटेली, देवलसारी, धारी और फल पट्टी सेवरी में भी भारी भूधंसाव हुआ, जिसमें सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं, जिसको लेकर ग्रामीण सही आकलन कर पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में रामप्रसाद सेमवाल, सचिन कुमार, चैन सिंह राणा, शैलेन्द्र सिंह, सुरेश, नितेश, सूरज रावत, श्याम सिंह राणा, कुलदीप चौहान, गिरवीर राणा आदि मौजूद थे।