सागर : झमाझम बारिश के बीच स्वतंत्रता दिवस का जश्न, मंत्री राजपूत ने फहराया तिरंगा
सागर, 15 अगस्त । मध्य प्रदेश के सागर शहर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे गौरव, हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। मौसम के मिजाज और लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद शहरवासियों का उत्साह देखने लायक था। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शहर के पीटीसी ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोग हाथों में छाता लिए देशभक्ति के इस पावन पर्व का साक्षी बनने के लिए मैदान में डटे रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पीटीसी ग्राउंड में शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के तुरंत बाद हर्ष फायर किया गया, जिससे पूरा मैदान भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद मुख्य अतिथि ने खुली जीप में सवार होकर भव्य परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
इस अवसर पर सागर सांसद डॉ लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र जैन, जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित पुलिस और प्रशासनिक अमले के वरिष्ठ अधिकारी/कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। परेड में शामिल पुलिस बल, सशस्त्र जवानों और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के अनुशासित कदमताल ने समारोह में मौजूद हर नागरिक का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का राज्य के नाम स्वाधीनता संदेश प्रसारित किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सर्वांगीण विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी का आह्वान किया।
समारोह के अंतिम चरण में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, संगीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। लगातार होती बारिश के बीच भी बच्चों के जोश और दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट ने पीटीएस ग्राउंड के माहौल को पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।