नवरात्रि पर महिला सुरक्षा के लिए ‘दुर्गा वाहिनी’ टीम तैनात, दशहरा तक करेगी पेट्रोलिंग
नवरात्रि में शहरभर में गरबा-डांडिया का आयोजन हो रहा है और दुर्गा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं और युवतियां बड़ी संख्या में इन कार्यक्रमों में शामिल होती हैं। ऐसे में कई बार छेड़छाड़ और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें सामने आती हैं। इन्हीं घटनाओं को रोकने के लिए रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिस की विशेष टीम बनाई है।
दुर्गा वाहिनी में कुल 16 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। इन्हें दो अलग-अलग टीमों में बांटा गया है। प्रत्येक टीम का नेतृत्व महिला एसआई करेंगी l हर टीम में 6 महिला पुलिसकर्मी और 2 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह टीमें शहर के चार थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगी।
दुर्गा वाहिनी की दोनों टीमें दशहरा तक सभी गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और बड़े दुर्गा पंडालों में पेट्रोलिंग करती रहेंगी। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर सीधी कार्रवाई करने की छूट भी टीम को दी गई है।
इस संबध में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने रविवार काे बताया कि यह टीम महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दशहरा तक दुर्गा वाहिनी की टीमें लगातार गश्त करेंगी, ताकि त्योहार का माहौल पूरी तरह से सुरक्षित और शांतिपूर्ण बना रहे।