News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा

हल्द्वानी , 21 अगस्त । गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई सनसनीखेज लूट और डकैती कांड का एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने खुलासा किया है।एसएसपी मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में गठित ‘स्पेशल 40’ टीम ने वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपियों तक पहुंचते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने इस वारदात को पूरी प्लानिंग और तैयारी के साथ अंजाम दिया था। घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला।

इसके साथ ही पुलिस टीम ने कई स्तरों पर सुराग जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने की रणनीति तैयार की।लगातार जांच और सटीक कार्रवाई के बाद पुलिस ने डकैती की वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया।गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हथियारों के बल पर हुई करीब 8 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित करीब 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 66 हजार रुपये नकद, एक पिस्टल, एक तमंचा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, गोरापड़ाव स्थित एक ऑफिस, गैरेज में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 8 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूट ली थीं। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, साइबर टीम और क्राइम सीन विशेषज्ञों की मदद ली। जांच के दौरान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखबीर सिंह पुलिस के रडार पर आए। पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों ने डकैती की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने बताया कि किच्छा निवासी यश सिडाना समेत अन्य लोगों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।जुए में लाखों रुपये हारने के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे यश ने गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी की और नकाब पहनकर हथियारों के दम पर डकैती को अंजाम दिया।लूट के बाद रकम आपस में बांट ली गई, जबकि पुलिस से बचने के लिए लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए। गिरफ्तार वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) के पास से 31 हजार रुपये और 32 बोर की पिस्टल के साथ चार कारतूस, जबकि रखबीर सिंह (28) से 35 हजार रुपये, 315 बोर का तमंचा और चार कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, रखबीर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और संगठित तरीके से अपराध किए जाने के पहलू से भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply