News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

समाधान शिविरों में योजनाओं के क्रियान्वयन सहित सेवाओं की उपलब्धता पर मार्गदर्शन करें : कमिश्नर

समाधान शिविरों में योजनाओं के क्रियान्वयन सहित सेवाओं की उपलब्धता पर मार्गदर्शन करें : कमिश्नर

जगदलपुर, 21 मई (हि.स.)। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का धरातल पर कारगर क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित करने के लिए सभी विभाग सकारात्मक प्रयास करें। साथ ही लोक सेवाओं की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रीत करें। इस दिशा में मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति के साथ विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से सम्पादित किया जाए। बस्तर अंचल के अंतर्गत सुरक्षा कैम्पों के समीपस्थ ग्रामों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सुविधाओं सहित पीडीएस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सार्थक प्रयास करें। उक्त निर्देश कमिश्नर ने बुधवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में संभागीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने वनाधिकार पट्टों के नामांतरण-बंटवारा प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने कहा। साथ ही वनाधिकार पट्टों को अभिलेख कक्ष में सुरक्षित रखने सम्बन्धी कार्य में शीघ्र अद्यतन प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।

कमिश्नर ने सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर बल देते हुए कहा कि आम जनता से प्राप्त समस्या एवं शिकायतों के निवारण हेतु ध्यान केंद्रित करें। संभाग स्तरीय अधिकारी समाधान शिविरों में जाकर जिला स्तर के अधिकारियों को मार्गदर्शन प्रदान करें। पेयजल व्यवस्था के लिए जल प्रदाय योजनाओं, सोलर ड्यूल पम्पों एवं हैंडपंपों का समुचित संधारण एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए। सुधार योग्य जल प्रदाय योजनाओं तथा हैंडपंपों को अनिवार्य रूप से मरम्मत करवाया जाए। साथ ही चिन्हित समस्याग्रस्त इलाकों में ध्यान केंद्रीत कर नवीन नलकूप खनन कर हैंडपंप स्थापना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संभाग के अंतर्गत हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य में अद्यतन प्रगति लाने पर बल देते हुए जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी के साथ संचालित करने कहा। वहीं गुणवत्ता की कमी पर सम्बन्धित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाकर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने खरीफ फसल सीजन के लिए किसानों को मांग के अनुरूप खाद-बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता हेतु फोकस करने पर जोर देते हुए समाधान शिविरों में बीज और बीज मिनीकिट वितरित किए जाने कहा । साथ ही फसल ऋण हेतु किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति महिला पहल, प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य के अनुरूप पंजीयन एवं आवास निर्माण, जियो टेगिंग के कार्य, ठोस तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत कार्यों की प्रगति की समीक्षा किए। कमिश्नर श्री सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा दौरान आयुष्मान कार्ड प्रदाय पंजीयन में जिलों के अंदरूनी इलाकों में शिविर लगाकर ग्रामीणों के कार्ड निर्माण को गति देने कहा। समाजकल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपकरण प्रदान करने के लिए जल्द शिविर आयोजित कर चिन्हित दिव्यांगजनों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए।

इस दौरान डिप्टी कमिश्नर आरती वासनिक एवं गीता रायस्त सहित कृषि, पशुपालन, लोक निर्माण, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, विद्युत वितरण कम्पनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्योग इत्यादि विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी और अन्य विभागों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

—————

Leave a Reply