जेईई की तैयारी कर रही छात्रा ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग, इलाज के दौरान मौत
कोटा, 28 जून । जेईई की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने शनिवार देर रात फ्लाईओवर से छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित कोटा-झालावाड़ रोड फ्लाईओवर की है।
विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि छात्रा बिहार के अररिया जिले की रहने वाली थी और जनवरी 2026 में जेईई की तैयारी के लिए कोटा आई थी। वह एक निजी कोचिंग संस्थान में अध्ययन कर रही थी तथा शहर के एक पीजी में रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे छात्रा श्रीजी हॉस्पिटल के सामने बने फ्लाईओवर पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उसे कोटा हार्ट हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है। छात्रा के पीजी और कोचिंग संस्थान से जानकारी जुटाई जा रही है तथा उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जाएगी, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।