नाबालिग के अपहरण का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 28 जून । थाना पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत दी है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को बेड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने थाना पिरान कलियर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को नितिन उर्फ रामकुमार पुत्र रामपाल, निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना कलियर शरीफ, बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। बेड़पुर, इमलीखेड़ा, कलियर, रुड़की मार्ग, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन तथा आसपास के बाजारों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इमलीखेड़ा स्थित माजरी चौक से आरोपित नितिन उर्फ रामकुमार को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध पोक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं की भी बढ़ोतरी की है। बरामद नाबालिग को नियमानुसार जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर संरक्षण में भेज दिया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपित का नाम पता नितिन उर्फ रामकुमार पुत्र रामपाल, निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना कलियर शरीफ, जनपद हरिद्वार बताया गया है।