News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनी लोगों की समस्याएं

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनी लोगों की समस्याएं

रायगढ़, 20 मई (हि.स.)। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज मंगलवार को कलेक्टोरेट के प्रतीक्षा कक्ष में आयोजित जनदर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।

इस दौरान जिले भर के लोगों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों के प्राथमिकता से त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मौके पर अपर कलेक्टर रवि राही एवं अपूर्व प्रियेश टोप्पो उपस्थित रहे।

इंदिरा नगर निवासी मीना यादव राशन कार्ड की मांग को लेकर जनदर्शन पहुंची थी। उन्होंने बताया कि, वे अत्यंत गरीब हैं एवं मजदूरी कर जीवन-यापन करती हैं, उनके पास मजदूरी के अलावा आय का कोई साधन नहीं है। उन्होंने कलेक्टर श्री चतुर्वेदी से बीपीएल श्रेणी का राशन कार्ड प्रदाय करने का आग्रह किया।

इसी प्रकार झोपड़ी पारा, रायगढ़ निवासी वृद्ध दसोदा चौहान अंगूठा का निशान नहीं आने के कारण राशन प्रदान नहीं करने की शिकायत लेकर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि वह उनके परिवार में कोई सदस्य नहीं है। वह अकेली रहती है, उनके नाम पर निराश्रित राशन कार्ड जारी किया गया है परंतु उचित मूल्य दुकान में उनका अंगूठा का निशान नहीं आने के कारण खाद्य सामग्री नहीं मिलने से उन्हें जीवन यापन में काफी समस्या आ रही है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने वृद्ध की समस्या को देखते हुए तत्काल खादय विभाग को आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए।

कृष्णा नगर निवासी सुनीता कुर्रे एवं आदर्श नगर रायगढ़ निवासी फातिमा बेगम विद्युत बिल अधिक आने की शिकायत लेकर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि उनके घरेलू उपयोग के लिए विद्युत मीटर लगाए गए है। लेकिन उनके द्वारा उपयोग से अधिक राशि की बिल आ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सीएसपीडीसीएल को उक्त आवेदनों की जांच करने एवं आवेदन की निराकरण के निर्देश दिए।

दीनदयाल कॉलोनी वार्ड नंबर 6 ढि़मरापुर निवासी बुधयारिन बाई चौहान काम करने के पश्चात मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत लेकर जनदर्शन में पहुंची थी। उन्होंने बताया कि वह 2021-22 से मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में झाडू-पोछा का कार्य कर रही थी, लेकिन उन्हें 2025 में कार्य से निकाल दिया गया। इसके साथ ही फरवरी से मार्च तक का मजदूरी राशि भी नहीं दिया गया। मजदूरी की शेष राशि की मांग करने पर टालमटोल किया जा रहा है।

उन्होंने कलेक्टर श्री चतुर्वेदी से मजदूरी दिलवाने का आग्रह किया। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल को उक्त आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए।

—————

Leave a Reply