News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Delhi

आईआईटीएफ-2026 में रेलवे के पवेलियन को मिला रजत पुरस्कार, वंदे भारत स्लीपर सहित आधुनिक रेल परियोजनाओं की झलक

नई दिल्ली, 26 नवंबर । भारतीय रेलवे ने देश में आधुनिक रेल परिवहन, यात्री सुविधाओं और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में हो रही प्रगति को 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में प्रदर्शित किया है। भारत मंडपम में 13 से 27 नवंबर तक आयोजित इस मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केंद्रीय मंत्रालयों एवं सरकारी विभागों के मंडपों की श्रेणी में रेलवे के पवेलियन को रजत पदक से सम्मानित किया गया है। पवेलियन में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, वंदे भारत एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल और अमृत भारत एक्सप्रेस सहित आधुनिक रेल सेवाओं की विशेषताओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

रेलवे के पवेलियन में लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का मॉडल और उसका आंतरिक हिस्सा दर्शकों के आकर्षण का केंद्र है। यहां स्वचालित दरवाजे, आरामदायक सीटें, जीपीएस आधारित यात्री सूचना स्क्रीन और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई है। पवेलियन में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में 162 वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं संचालित हो रही हैं।

इसके साथ ही नमो भारत रैपिड रेल और अमृत भारत एक्सप्रेस की विशेषताओं को भी प्रदर्शित किया गया है। अमृत भारत एक्सप्रेस में गैर-वातानुकूलित स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोचों के साथ बेहतर सीटें, उन्नत आंतरिक साज-सज्जा, सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं दी गई हैं। पवेलियन में दी गई जानकारी के अनुसार, देश में अमृत भारत एक्सप्रेस की 88 सेवाएं चल रही हैं।

रेलवे के पवेलियन में देश के रेल नेटवर्क के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास को भी दर्शाया गया है। इसमें रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 1,300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की जानकारी दी गई है। योजना में यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय कला और संस्कृति को भी स्टेशन के स्वरूप में शामिल किया जा रहा है।

पवेलियन में देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का मॉडल भी विशेष आकर्षण है। मुंबई और अहमदाबाद के बीच बन रहे 508 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। प्रदर्शित आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर 2026 तक परियोजना में 459 किलोमीटर पाइल कार्य, 375 किलोमीटर वायाडक्ट और 107 किलोमीटर ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो चुका है।

स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में रेलवे की पहल को दिखाने के लिए देश में निर्मित पहली हाइड्रोजन ट्रेन का मॉडल भी रखा गया है। 10 कोच वाली इस ट्रेन की यात्री क्षमता 2,600 और बिजली उत्पादन क्षमता 2,400 किलोवाट है। हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रतिक्रिया से बिजली पैदा करती है। इसके संचालन में धुएं के बजाय पानी की भाप निकलती है।

रेलवे के ब्रॉड गेज नेटवर्क के लगभग 99.8 प्रतिशत विद्युतीकरण की जानकारी भी पवेलियन में दी गई है। रेलवे के अनुसार, वर्ष 2015-16 से 2024-25 के बीच डीजल की खपत में 185 करोड़ लीटर की कमी आई है। इससे विदेशी मुद्रा की बचत के साथ कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी मदद मिली है।

माल परिवहन को गति देने वाले लगभग 2,843 किलोमीटर लंबे ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का मॉडल भी प्रदर्शनी में शामिल है। ये समर्पित रेल मार्ग देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को बंदरगाहों से जोड़ते हैं। इससे माल ढुलाई को तेज और किफायती बनाने में मदद मिल रही है।

रेलवे की इंजीनियरिंग क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए नए पंबन पुल, जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज और अंजी खड्ड के केबल आधारित रेल पुल के मॉडल भी रखे गए हैं। इसके अलावा गंगा नदी पर मोकामा में बने नए दोहरी रेल लाइन पुल और पूर्वोत्तर भारत की बइरबी-सायरंग रेल लाइन की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। बइरबी-सायरंग रेल लाइन के शुरू होने से मिजोरम की राजधानी आइजोल पहली बार देश के रेल नेटवर्क से जुड़ी।

‘विकास भी, विरासत भी’ और ‘भारतीय रेल : देश के विकास का पहिया’ की थीम पर तैयार रेलवे के पवेलियन में आधुनिक तकनीक और भारतीय रेल की विरासत का मेल दिखाया गया है। इसका प्रवेश द्वार राजस्थान के जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन की स्थापत्य शैली से प्रेरित है। होलोग्राम और विशाल एनामॉर्फिक स्क्रीन के माध्यम से दर्शकों को आधुनिक रेल सेवाओं की झलक दिखाई जाती है।

पवेलियन का यूथ जोन बच्चों और युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है। यहां वर्चुअल रियलिटी (वीआर) हेडसेट के माध्यम से दर्शक कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर पहाड़ी वादियों और सुरंगों से गुजरती ट्रेन के सफर का अनुभव कर रहे हैं। सेंसर आधारित गेमिंग, बीटबॉक्सिंग, डिजिटल ट्री और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। स्पोर्ट्स जोन में ओलंपिक, एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले रेलवे के खिलाड़ियों की उपलब्धियों और पदकों को प्रदर्शित किया गया है।

Leave a Reply