उप जिला प्रमुख चुनाव में सात जिलों में बड़ा उलटफेर, एक दिन में बदले सियासी समीकरण
जयपुर, 26 नवंबर । राजस्थान में जिला प्रमुख के चुनाव के ठीक एक दिन बाद हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव में कई जिलों में सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए। 37 जिला परिषदों में हुए चुनाव में सात जिलों में कांग्रेस, भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-दूसरे से सीटें छीनकर चौंकाने वाले परिणाम दिए।
सबसे दिलचस्प मुकाबला उन जिलों में रहा, जहां एक दिन पहले जिला प्रमुख चुनाव में अलग दल को जीत मिली थी।
उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 25 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को आठ, भारत आदिवासी पार्टी को तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को एक सीट मिली। इससे एक दिन पहले हुए जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के 24, भाजपा के 10, बीएपी के दो और आरएलपी के एक जिला प्रमुख निर्वाचित हुए थे।
चूरू में जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा की कनिका सिंह ने जीत दर्ज की थी, लेकिन अगले ही दिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने वापसी करते हुए छोटूलाल मेघवाल को जीत दिला दी। इसी तरह ब्यावर में भी जिला प्रमुख पद कांग्रेस के खाते में जाने के एक दिन बाद भाजपा ने उप जिला प्रमुख पद जीतकर अपना दम दिखाया।
अजमेर में भाजपा ने नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता लांबा को उप जिला प्रमुख पद के लिए मैदान में उतारा था। मतदान में उन्होंने जीत हासिल कर भाजपा के खाते में एक और महत्वपूर्ण पद जोड़ दिया। चुनाव के दौरान भाजपा के निर्वाचित सदस्य बस से जिला परिषद पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया।
उदयपुर में भाजपा ने मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था। डांगी वार्ड 15 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए थे। उनके सामने कांग्रेस के उदयलाल डामोर मैदान में थे। भाजपा के बहुमत के बीच डांगी ने चुनाव जीतकर पूर्व विधायक से जिला परिषद के उप जिला प्रमुख तक का सफर तय किया।
बालोतरा में उप जिला प्रमुख का चुनाव भी खास रहा। यहां भाजपा के जसाराम प्रजापत के पक्ष में फैसला लॉटरी के जरिए हुआ और वे उप जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए। जहां कई जिलों में राजनीतिक मुकाबला रोमांचक रहा, वहीं अलवर, धौलपुर, दौसा और जैसलमेर में कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध उप जिला प्रमुख चुने गए। दौसा में छोटूराम मीणा के सामने एक ही नामांकन आया, जिसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या झा ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र सौंपा और शपथ दिलाई।
अलवर में वार्ड 32 से निर्वाचित अर्जुन सिंह कांग्रेस के उप जिला प्रमुख बने।
डूंगरपुर में कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा। यहां भाजपा के हितेश रावल और भारत आदिवासी पार्टी की मंजूला रोत के बीच मुकाबला रहा। मंजूला रोत तीन बार प्रधान रह चुकी हैं और वार्ड आठ से जिला परिषद सदस्य हैं। उधर, मतदान के दौरान डूंगरपुर में भाजपा नेताओं ने एक कांग्रेस जिला परिषद सदस्य के पास निर्वाचन प्रमाण पत्र नहीं होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीकर में उप जिला प्रमुख चुनाव की प्रक्रिया के दौरान पुलिस और वकीलों के बीच विवाद भी सामने आया। एक अधिवक्ता ने कोतवाली थाना प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में वकील मतदान स्थल के पास एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में वकील पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
