संविधान दिवस पर समाहरणालय में प्रस्तावना का हुआ सामूहिक पाठ
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के नेतृत्व में जिले के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान के प्रति निष्ठा, प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास व्यक्त किया। इस दौरान सभी ने संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने और संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव है। यह नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूलभूत आदर्शों का मार्ग दिखाता है। संविधान न केवल हमारे अधिकारों का संरक्षक है, बल्कि कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों, नीतिगत निर्णयों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में संवैधानिक आदर्शों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एक जिम्मेदार अधिकारी और नागरिक के रूप में संविधान के प्रति सम्मान और उसके सिद्धांतों का पालन करना हम सभी का मूल दायित्व है। उन्होंने पदाधिकारियों और कर्मियों से जनता के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने एवं प्रशासनिक सेवाओं में संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि संविधान दिवस के अवसर पर जिले के सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय सरकारी कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इसका उद्देश्य सरकारी कर्मियों के बीच संवैधानिक जागरूकता, कर्तव्यबोध और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे।
