News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सड़क जाम

पश्चिमी सिंहभूम, 20 अक्टूबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले में चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग (एनएच-75) पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय साइकिल सवार रसिका हेंब्रम की जान चली गई। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पासहातु चौक के समीप बस की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, पासहातु निवासी रसिका हेंब्रम मंगलवार सुबह करीब 11 बजे साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए सड़क पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया।

घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीणों ने जाम हटाने से इनकार कर दिया।

लगातार करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस दौरान यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।

खबर लिखे जाने तक मृतक का शव घटनास्थल पर ही था और सड़क जाम समाप्त नहीं हुआ था। पुलिस ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य करने में जुटी थी, लेकिन मुआवजे की मांग को लेकर गतिरोध बना हुआ था।

Leave a Reply