News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Chhattisgarh

दशहरा पर सूरजपुर में पिकअप वाहनों की एंट्री बंद, हाईस्कूल ग्राउंड में होगी पार्किंग

सूरजपुर, 18 अक्टूबर । दशहरा पर्व पर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सूरजपुर पुलिस ने वाहनों के आवागमन और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरा कार्यक्रम के दौरान शहर में पिकअप वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, अग्रसेन चौक से कार्यक्रम स्थल की ओर वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और तय पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था बनाई है। कार्यक्रम स्थल तक चारपहिया वाहनों से पहुंचने वाले लोगों को बड़कापारा और मानपुर चौक मार्ग का उपयोग करना होगा। वाहन चालकों के लिए हाईस्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि बुधवार, 21 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद भारी वाहन बाईपास रिंग रोड और महगवां होते हुए भैयाथान रोड की ओर जाएंगे। इस रूट व्यवस्था का उद्देश्य शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम करना और आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाए रखना है।

यातायात पुलिस ने दशहरा पर्व के दौरान निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी है। पुलिस के अनुसार, नागरिकों के सहयोग से पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply