आयुक्त ने शंख ध्वनि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाएं काे किया सम्मानित
हल्द्वानी, 18 अक्टूबर । मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने रविवार को हल्द्वानी में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में शामिल होकर मां दुर्गा के दर्शन किए और श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने शंख ध्वनि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
आयुक्त सबसे पहले पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में महिलाओं ने विभिन्न अंदाज में शंख ध्वनि का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को आयुक्त और आयोजक समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर रावत ने कहा कि नवरात्र में मां दुर्गा के दर्शन करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां दुर्गा को नमन करते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद आयुक्त गांधी आश्रम स्थित रामकृष्ण धाम आश्रम पहुंचे। यहां पहली बार आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन किए। मंदिर समिति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में अष्टमी पूजन का भोग प्रसाद भी ग्रहण किया।
