News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, 21 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

रांची, 07 अक्टूबर । झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लंबित मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।

संघ के प्रदेश महामंत्री सूरज साहू ने बताया कि आंदोलन के तहत नौ अक्टूबर को कैंडल मार्च, 12 अक्टूबर को भिक्षाटन और 14 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 16 अक्टूबर को पूर्ण हड़ताल और महाधरना होगा। उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 21 अक्टूबर से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

सूरज साहू ने कहा कि 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 15 से 20 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारी गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों तक आपातकालीन चिकित्सा सेवा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद वेतन, रोजगार सुरक्षा और वैधानिक अधिकारों से जुड़े मामलों का समाधान नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

संघ की प्रमुख मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का सरकारी स्तर पर संचालन, सिविल सर्जन के माध्यम से वेतन भुगतान, सम्मान फाउंडेशन से हटाए गए कर्मचारियों की पुनर्बहाली तथा ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करना शामिल है।———

Leave a Reply