News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Uttarakhand

कैंची धाम की जाम समस्या पर ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों में आक्रोश

नैनीताल, 07 अक्टूबर । कैंची धाम क्षेत्र में लगातार गंभीर हो रही जाम की समस्या के समाधान को लेकर मंगलवार को नैनीताल में प्रशासन की बैठक हुई। प्रभावित क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों नेे बैठक की सूचना नहीं दिए जाने और आमंत्रित नहीं किए जाने पर बुधवार को ग्राम प्रधान संगठन और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नाराजगी जताई।

ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष जेडी कत्यूरा ने कहा कि कैंची धाम की जाम की वास्तविक स्थिति और इससे स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों, टैक्सी चालकों तथा मरीजों को होने वाली परेशानियों से स्थानीय जनप्रतिनिधि बेहतर तरीके से अवगत हैं। इसके बावजूद कैंची धाम क्षेत्र के ग्राम प्रधानों को बैठक से बाहर रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने मांग की कि यातायात व्यवस्था से संबंधित आगामी बैठकों और निर्णयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि अनदेखी जारी रहने और एकतरफा निर्णय लिए जाने पर वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

बैठक में सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग की स्थिति और यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। चौरसा के ग्राम प्रधान किशोर ढैला ने कहा कि बाईपास मार्ग के दोनों ओर बेतरतीब पार्किंग और शटल सेवा के संचालन से जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे कूड़ा-कचरा पड़े होने से सिरोड़ी, भवालीगांव, चौरसा और पाडली सहित आसपास के गांवों तथा मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।

बैठक में छड़ा खैरना की ग्राम प्रधान उषा पिनारी, सिलटोना की ग्राम प्रधान किरन आर्या, तल्लाकोट के ग्राम प्रधान, मझेड़ा के ग्राम प्रधान भास्कर चंद्र, सीम के ग्राम प्रधान खीम सिंह, दिग्थीरी के ग्राम प्रधान दीपक रावत और बारगल की ग्राम प्रधान गीता पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply