News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
UP

औरैया : वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को सिखाए स्वस्थ रहने के तरीके

औरैया, 07 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन बुधवार को शहर के निकट आनेपुर स्थित वृद्धाश्रम में आयुष आपके द्वार एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं योग वैलनेस सेंटर के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में सैकड़ों वृद्धजनों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग व प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने वृद्धजनों को स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आकृति एवं जीभ के अवलोकन के आधार पर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करते हुए अस्वस्थता की स्थिति में सहज तरीके से स्वस्थ रहने के उपाय बताए। नियमित योग, संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी गई। इस दौरान वृद्धजनों ने स्वस्थ रहने का संकल्प भी लिया।

राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की प्रभारी डॉ. परवीन ने वृद्धजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देने के साथ ही होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया। शिविर में पुरुष एवं महिलाओं सहित बड़ी संख्या में वृद्धजनों ने योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों का लाभ उठाया।

योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने संगीत के माध्यम से भी स्वस्थ रहने का संदेश दिया। उन्होंने मां सरस्वती की वंदना के साथ गीत प्रस्तुत किए, जिससे वृद्धजन भावविभोर हो गए। उन्होंने बताया कि संगीत भी मानसिक प्रसन्नता और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बन सकता है।

शिविर में वार्ड ब्वाय नितिन राजपूत, पुष्पेंद्र राजपूत सहित अन्य कर्मचारियों ने दवा वितरण एवं व्यवस्थाओं में विशेष सहयोग किया। कार्यक्रम जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. निधि शुक्ला तथा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय प्रभारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन में हुआ। जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पांडेय का भी विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply