News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Haryana

जींद : गांधी नगर में महिला के गले से चैन झपटने का आरोपित गिरफ्तार

जींद, 06 अक्टूबर । गांधी नगर में साेमवार की रात को टहल रही महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान गांव सिवाहा निवासी सोमबीर उर्फ जोकर के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि गांधी नगर निवासी सोनिया सोमवार रात अपनी पड़ोसन के साथ गली में टहल रही थी। मकान से कुछ दूरी पर पीछे से आए युवक ने सोनिया के गले से सोने की चैन झपट ली और वापस मुड़ कर फरार हो गया। सोनिया तथा उसकी सहेली ने शोर भी मचाया। आसपास के लोगों ने युवक का पीछा भी किया, लेकिन युवक अंधेरे का लाभ उठा कर गलियों में गायब हो गया। बाद मे पुलिस ने भी सूचना पाकर संदिग्ध युवक को तलाशा भी, लेकिन उसका कोई सुराग नही लगा। महिला से सोने की चेन झपटने की वारदात वहां लगे सीसी टीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने सोनिया की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ छीना झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को जानकारी देते हुए उप पुलिस अधीक्षक जींद रिषभ सौढी ने बताया कि तकनीकी जांच व शिकायतकर्ता द्वारा शक के आधार पर आरोपित सोमबीर उर्फ जोकर वासी सिवाहा को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply