बापू के विचारों और आदर्शों का देश है भारत : कैलाश
रांची, 02 अक्टूबर । यंग आश्रम क्लब की ओर से आयोजित महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जयंती मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने गांधीजी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर राजद प्रवक्ता ने कहा कि गांधीजी एक बैरिस्टर होने के बावजूद देश की आजादी के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर मार्ग प्रशस्त किया और अंग्रेजों को झुकने को विवश किया। उन्होंने सत्य और अहिंसा एवं शांति को हथियार बनाकर भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराया।
उन्होंने असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह (दांडी मार्च) और भारत छोड़ो आंदोलन का ऐलान कर कई महत्वपूर्ण आंदोलनों का नेतृत्व किया। संयुक्त राष्ट्र ने गांधीजी के शांतिपूर्ण योगदान के लिए उनके सम्मान में दो अक्तूबर को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया।
इस कार्यक्रम में धर्मवीर यादव, डीके आलोक यादव, सुरेश राय, दीपक राय, गोपाल गुप्ता, विवेक कुमार और प्रेमनाथ राय सहित अन्य लोग मौजूद थे।