News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

मुख्यमंत्री सादगी का मुखौटा पहनकर जनता को कर रहे भ्रमित : बिक्रम सिंह ठाकुर

धर्मशाला, 30 सितंबर । पूर्व मंत्री एवं विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अब पीआर एजेंसियों के सहारे अपनी छवि सुधारने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे रथ की फोटो लगाई जाए या विमान की ऑर्डिनरी क्लास की फोटो, जनता अब तस्वीरों के पीछे की वास्तविकता को अच्छी तरह समझ चुकी है। जिस तरह हर तस्वीर में किनारे की जगह तलाशने का प्रयास किया जा रहा है, उसी तरह हिमाचल की जनता भी कांग्रेस सरकार को सत्ता के किनारे लगाने का मन बना चुकी है।

बुधवार को यहां जारी एक प्रेस बयान में बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सादगी का मुखौटा पहनकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास न करें। करोड़ों रुपये की लागत वाले कार्यालय, महंगी सुविधाएं और सत्ता की चकाचौंध किसी से छिपी नहीं है। मुख्यमंत्री जितनी बार आम आदमी बनने का दिखावा करेंगे, उतनी ही बार जनता के सामने उनकी कथनी और करनी का अंतर उजागर होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब आम जनता के बीच निकलते हैं तो उनके चारों ओर पुलिस और भारी-भरकम स्टाफ का घेरा रहता है। आम आदमी को उनके नजदीक तक पहुंचने नहीं दिया जाता।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि सबसे हास्यास्पद स्थिति यह है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं, जबकि इसी चुनाव आयोग द्वारा वर्ष 2022 में करवाए गए विधानसभा चुनाव के परिणाम के आधार पर कांग्रेस की सरकार बनी और सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने।

Leave a Reply