News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

छात्रों से कथित पैसे मांगने के आरोप पर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन

बिरसा कॉलेज में एक कर्मचारी से संबंधित कथित वायरल वीडियो को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी ) ने कॉलेज प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में संबंधित कर्मचारी पर विद्यार्थियों से कार्य के बदले कथित रूप से पैसे मांगने, अभद्र व्यवहार करने एवं विद्यार्थियों को कतार में खड़ा रखने के दौरान मोबाइल पर रील देखने के आरोप सामने आए हैं।

एबीवीपी के झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी प्राचार्या डॉ पुष्पा सुरीन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराने और जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारी को विद्यार्थियों से जुड़े कार्यों से अलग रखने की मांग की।

प्रकाश टुटी ने कहा कि विद्यार्थियों से पैसे मांगना या उनके साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि परिषद किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने के पक्ष में नहीं है, लेकिन विद्यार्थियों के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मामलों में चुप नहीं बैठेगी।

प्रभारी प्राचार्या ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मौके पर राजदीप गुप्ता, दशाए मुंडा, अनीश, सुखराम हेम्ब्रोम सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply