डीएसबी परिसर छात्रसंघ चुनाव: आमसभा में रहा प्रत्याशियों के दावों-वादों का शोर
नैनीताल, 28 सितंबर । कुमाऊं विश्वविद्यालय के सर्वप्रमुख डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए सोमवार को छात्रों की आमसभा आयोजित हुई। इस अवसर पर विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने छात्रहित में कार्य करने के दावे और वादे किए। आमसभा में परिसर में शिक्षा का बेहतर वातावरण, छात्रावासों में सुविधाओं के विस्तार और वाई-फाई जैसी सुविधाओं को लेकर प्रत्याशियों ने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। हालांकि समर्थकों के भारी शोर के बीच अच्छे ध्वनि विस्तारक यंत्रों के बावजूद अधिकांश विद्यार्थियों के लिए प्रत्याशियों के भाषणों को स्पष्ट रूप से सुन पाना कठिन रहा। सभा में आम तौर पर आरोप-प्रत्यारोप और शक्ति प्रदर्शन का माहौल ही देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान, शुभम कुमार और हिमांशु आर्य त्रिकोणीय मुकाबले में हैं। जबकि संयुक्त सचिव छात्रा पद पर अनुष्का पुरी और गौरी तथा कोषाध्यक्ष छात्रा पद पर सृष्टि रावत और विदुषी वर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। जबकि ही छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी और सचिव पद पर कमल कार्की के साथ ही सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तन्मय भंडारी, संकाय प्रतिनिधि पदों पर कला संकाय से अनिल कुमार, वाणिज्य से संध्या कापड़ी, विधि से दिव्यांशी कौशल तथा प्रबंधन अध्ययन से सानिध्य उप्रेती का निर्विरोध नामांकन एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण पहले से ही तय है। इस तरह पहली बार केवल तीन पदों के लिये चुनाव हो रहे हैं। इस कारण चुनाव में पूर्व वर्षों की अपेक्षा कम शोर भी नजर आ रहा है।
छात्रों की आम सभा के बाद अब डीएसबी परिसर में मतदान मंगलवार 29 सितंबर को होना निर्धारित है, जिसके लिये अंतिम तैयारियां की जा रही हैं।