News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

इनेलो का कोई वजूद नहीं, सिर्फ भाजपा की बी टीम : आफताब अहमद

नूंह, 28 सितंबर । नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए इनेलो की नूंह में आयोजित सम्मान दिवस रैली को लेकर पार्टी और इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो का प्रदेश में अब कोई राजनीतिक वजूद नहीं बचा है और वह भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है।

आफताब अहमद ने कहा कि इनेलो प्रदेश की राजनीति में समाप्त हो चुकी है और भविष्य में उसके सत्ता में आने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने रैली में गायकों का सहारा लेने को लेकर भी कटाक्ष किया और दावा किया कि पूरे हरियाणा का कार्यक्रम होने के बावजूद अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी। कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि इनेलो और भाजपा के बीच राजनीतिक तालमेल है तथा चौटाला परिवार भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इनेलो के पास दो विधानसभा सीटें हैं और अगली बार पार्टी इन सीटों को भी बरकरार नहीं रख पाएगी। उनके अनुसार भाजपा के साथ कथित सेटिंग के कारण ही इनेलो दो सीटों तक पहुंची है।

आफताब अहमद ने कहा कि इनेलो लगातार कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को निशाना बना रही है, जबकि कांग्रेस करीब 12 वर्षों से प्रदेश की सत्ता में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो भाजपा के इशारे पर उन क्षेत्रों में सक्रिय है, जहां भाजपा का संगठनात्मक आधार कमजोर है।

आफताब अहमद ने कहा कि पहले रोहतक और अब नूंह में इनेलो द्वारा रैली आयोजित करना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि इन दोनों क्षेत्रों में भाजपा को विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिली थी और इसी वजह से यहां इनेलो द्वारा कांग्रेस पर आरोप लगाना भाजपा के साथ कथित राजनीतिक समझौते का हिस्सा है। आफताब अहमद ने 2024 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इनेलो ने भाजपा के साथ कथित राजनीतिक तालमेल के तहत टिकटों का वितरण किया था। उन्होंने कहा कि नूंह विधानसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी के पिता के भाजपा में होने का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि इससे दोनों दलों के बीच कथित राजनीतिक संबंधों की स्थिति स्पष्ट होती है।

Leave a Reply