News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

अधौरा आंगनबाड़ी पहुंचे सीएमएचओ, बच्चों को खिलौने बांटे और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बलरामपुर, 25 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत बलरामपुर विकासखंड के ग्राम अधौरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह पहुंचे। आज शुक्रवार को उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें खिलौने भेंट किए। खिलौने पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और आंगनबाड़ी केंद्र का माहौल खुशियों से भर गया।

सीएमएचओ ने बच्चों की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए उनके स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक विकास को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बचपन में स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक विकास और सीखने की क्षमता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और कर्मचारियों से पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की नियमित निगरानी रखने तथा पात्र बच्चों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, जागरूकता और रक्तदान सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।

Leave a Reply