News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

सोगरिया स्टेशन पर ‘किलाबंदी’ टिकट जांच में दस घंटे चला सघन अभियान

काेटा, 03 सितंबर । बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए कोटा मंडल के सोगरिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संयुक्त रूप से ‘किलाबंदी’ टिकट जांच अभियान चलाया गया। प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस अभियान में 07 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई। इस दौरान कुल 33 मामले पकड़े गए, जिनसे नियमानुसार ₹20,960 किराया एवं जुर्माना लिया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अभियान मुख्य टिकट निरीक्षक अजय शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। टिकट जांच दल में अतुल जैन, अश्विनी कुमार, जितेन्द्र मीणा, हरिसिंह मीणा, विष्णु कुमारी एवं हरिगोपाल मीणा सहित कुल 07 टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल रहे। रेलवे सुरक्षा बल के 03 कर्मियों ने भी अभियान में सहयोग किया।

किलाबंदी अभियान के दौरान स्टेशन के निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि कोई भी यात्री बिना टिकट जांच के स्टेशन से बाहर न निकल सके। जांच के साथ ही यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य लें तथा टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें।

Leave a Reply