News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

50 वर्ष की उम्र में 19 डिग्रियां, अब 20वीं डिग्री की तैयारी

नैनीताल, 03 सितंबर । “ज्ञान की कोई सीमा नहीं होती” को जीवन में चरितार्थ कर रहे नैनीताल जनपद के रामनगर के 50 वर्षीय अधिवक्ता डॉ. पूरन चंद्र पांडे ने वर्ष 2026 में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से विकास अध्ययन में अपनी 19वीं डिग्री पूरी की है। इसके बाद उन्होंने इसी वर्ष एमबीए में प्रवेश के लिए आवेदन किया है, जो उनकी 20वीं डिग्री की यात्रा होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. पांडे ने वर्ष 1998 से उच्च शिक्षा का सफर शुरू किया और कानून के साथ समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, मानवाधिकार, मनोविज्ञान, शिक्षा, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, योग, जनसंचार, दर्शन, ज्योतिष, पत्रकारिता, गांधी एवं शांति अध्ययन और विकास अध्ययन जैसे विषयों में उपाधियां हासिल कीं। कानून में उन्होंने एलएलबी, एलएलएम और पीएचडी भी की है। उनकी विभिन्न उपाधियां कुमाऊं विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, साबरमती विश्वविद्यालय गुजरात और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से हैं।

विधि व्यवसाय के साथ सामाजिक और अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय डॉ. पांडे विभिन्न विषयों पर शोध एवं लेखन करते रहे हैं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में भाग लेते हैं। उनका कहना है कि डिग्रियां उनके लिए केवल प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि निरंतर ज्ञान अर्जित करने का माध्यम हैं। उनका शैक्षणिक सफर युवाओं के लिए सीखते रहने की प्रेरणा देता है।

अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने यूजीसी-नेट में हासिल की सफलता

नैनीताल जनपद के काठगोदाम निवासी अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने यूजीसी-नेट जून 2026 की विधि विषय की परीक्षा में उन्होंने 300 में से 182 अंक प्राप्त कर 97.69 परसेंटाइल के साथ सफलता पायी है। परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ उनका सहायक प्राध्यापक पद और पीएचडी में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवानी वर्ष 2022 से अधिवक्ता के रूप में मुख्य रूप से उत्तराखंड उच्च न्यायालय में विधि व्यवसाय में कार्यरत हैं। उन्होंने एलएलएम की पढ़ाई के दौरान पहली बार यूजीसी-नेट परीक्षा दी और पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और मित्रों के सहयोग को दिया। उनकी उपलब्धि पर परिजनों, अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply