News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

आम्रेश्वर धाम मेले की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा

पवित्र श्रावण पूर्णिमा पर शुक्रवार को बाबा आम्रेश्वर धाम में आयोजित होने वाले मेले को लेकर खूंटी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास मार्गों सहित महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। विशेष रूप से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ के व्यवस्थित आवागमन, प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सतर्क, संवेदनशील एवं पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply