News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

कोयल नदी से मिला लापता युवक का शव

पलामू, 27 अगस्त । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित कोयल नदी के तट से गुरुवार सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा निवासी गुड्डू तिवारी के रूप में हुई। युवक दो दिनों से लापता था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे।

जानकारी के अनुसार सुबह के समय रामपुर गांव में नदी की ओर गए कुछ लोगों ने तट पर एक युवक का शव देखा। सूचना मिलने पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी। गांव वालों ने अपने स्तर से शव की पहचान करने की कोशिश की लेकिन तत्काल शिनाख्त नहीं हो पाई।

ग्रामीणों के अनुसार कोयल नदी में भरपूर पानी है और संभावना है कि युवक का शव बहकर कर वहां पहुंचा होगा। काफी देर बाद शव की पहचान गुड्डू तिवारी के रूप में की गयी।

थाना प्रभारी लालजी ने जानकारी दी कि पुलिस टीम भेजकर शव को कब्जे में ले लिया गया। शुरूआत में गांववालों से शव की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने शिनाख्त नहीं की। मामले में जांच के दौरान शव की पहचान हुई।

Leave a Reply