News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

उप्र में 08-15 सितम्बर तक कजरी महोत्सव का आयोजन

लखनऊ, 25 अगस्त । उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से जनपद मीरजापुर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर तथा मुरादाबाद में 08 से 15 सितम्बर 2026 तक कजरी महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। भाद्रपद में आयोजित इस महोत्सव के लिए जिला प्रशासन का सहयोग भी प्राप्त किया जायेगा। संस्कृति विभाग ने इसके भव्य आयोजन के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को दी।

उन्होंने बताया कि कजरी महोत्सव 2026 के आयोजन का उद्देश्य लोक परम्पराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेज कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस महोत्सव में कजरी गायन की प्राचीन परम्परा को आधुनिक मंच पर प्रस्तुत किया जायेगा। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि कजरी गायन हमारी लोक परम्परा तथा लोक जीवन के साथ प्रकृति के समन्वय का प्रतीक है। भाद्रपद मास में धरती चारो ओर हरियाली ओढ़े रिमझिम बूदों के साथ एक नया आकर्षण पैदा करती है। कजरी गायन में भादो मास की प्राकृतिक हरीतिमा की विविधिता की झलक मिलती है। साथ ही झूला झूलने की भी परम्परा है। महोत्सव में सांस्कृतिक गायन, पारम्परिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति और लोकनृत्य भी शामिल होंगे।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण संस्कृति और लोक परम्पराओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है तथा इस विरासत से युवा पीढ़ी को भी जोड़ना है, जिससे प्रदेश की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का व्यापक प्रदर्शन हो सके। यह आयोजन न केवल लोक कला को संरक्षण प्रदान करेगा। साथ ही पर्यटन और सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा देगा। प्रदेश की कजरी जैसी लोक कलाओं को संवर्द्धन के लिए संस्कृति विभाग द्वारा निरन्तर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

————-

Leave a Reply