News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Sports

हम हमेशा सकारात्मक रहते हैं और जानते हैं कि वापसी कैसे करनी है: आयुष बडोनी

नई दिल्ली, 13 अगस्त । दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। टीम के कप्तान आयुष बडोनी ने जीत के बाद टीम के सकारात्मक रवैये और मजबूत वापसी की क्षमता की जमकर तारीफ की।

बडोनी ने मैच के बाद कहा, “यह हमारे लिए बहुत अच्छी जीत है। हम पहले दो मैच हार गए थे, लेकिन टीम का माहौल पूरे समय सकारात्मक रहा। हमारी टीम की सबसे अच्छी बात यही है कि हम हमेशा सकारात्मक रहते हैं और जानते हैं कि वापसी कैसे करनी है। आज हमने वही करके दिखाया।”

उन्होंने जीत की नींव रखने वाली सलामी साझेदारी की भी सराहना की। बडोनी ने कहा, “सलामी जोड़ी ने शानदार मंच तैयार किया। सनत और अनमोल दोनों ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और उनसे जो उम्मीद थी, उस पर खरे उतरे।”

बडोनी ने आते ही बदला मैच का रुख

बडोनी ने अपनी आक्रामक पारी के बारे में कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी और टीम के पास लंबी बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए उन्होंने रन गति बढ़ाने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, “जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया तो मुझे महसूस हुआ कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी है। हमारे पास लंबी बल्लेबाजी क्रम है, इसलिए मैंने रन गति बढ़ाने के बारे में सोचा।”

बडोनी ने अपनी पारी के दौरान लगातार तीन छक्के लगाकर मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में कर दिया।

साउथ दिल्ली के तेज गेंदबाज अंशुमान हुड्डा की तारीफ करते हुए बडोनी ने कहा, “अंशुमान हमारे लिए बेहद आक्रामक गेंदबाज रहे हैं। वह महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट लेते हैं और मैं खुश हूं कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं। मेरा मानना है कि उनके पास पर्पल कैप जीतने का शानदार मौका है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”

हुड्डा के चार विकेट, ईस्ट दिल्ली ने बनाए 191 रन

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 20 ओवर में छह विकेट पर 191 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज वंश मेहरा ने 16 गेंदों पर 27 रन बनाए, जबकि अर्पित राणा के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि, मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से राइडर्स का स्कोर 102 रन पर चार विकेट हो गया। इसके बाद सुजल सिंह ने नाबाद 63 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने 39 गेंदों का सामना किया। सुजल ने सूर्यांश रैना के साथ पांचवें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की और टीम को 190 रन के करीब पहुंचाया। साउथ दिल्ली की ओर से अंशुमान हुड्डा ने चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट लिए थे।

सनत-अनमोल ने रखी जीत की मजबूत नींव

192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार शुरुआत की थी। सनत संगवान और अनमोल शर्मा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 11 ओवर में 113 रन की साझेदारी की। सनत ने 33 गेंदों पर 57 रन बनाए। सनत के आउट होने के बाद कप्तान बडोनी ने मोर्चा संभाला और आते ही आक्रामक रुख अपनाया। बडोनी और अनमोल ने मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। साउथ दिल्ली ने तीन ओवर से अधिक शेष रहते नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

Leave a Reply