News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

स्थायी समिति अध्यक्ष ने स्वच्छता व्यवस्था एवं आवारा पशुओं की समस्या पर निगमायुक्त को लिखा पत्र

नई दिल्ली, 10 अगस्त । दिल्ली विधानसभा मानसून सत्र के दौरान दिल्ली की सफाई व्यवस्था, कूड़े के नियमित सफाई व निस्तारण तथा सड़कों पर आवारा एवं बेसहारा पशुओं की उठाई गई समस्या पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने संज्ञान लेते हुए सोमवार को निगमायुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखा।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगमायुक्त को पत्र लिखा और कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए जाए कि दिल्ली के सभी क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़कों एवं गलियों की नियमित सफाई, कूड़े का समयबद्ध उठान एवं निस्तारण तथा नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी पाई जाए, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए और संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

सत्या शर्मा ने कहा कि विधानसभा में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे सीधे दिल्लीवासियों की रोजमर्रा की समस्याओं से जुड़े हैं। इसलिए इन पर केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीन पर उसका असर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी जोन के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और सफाई कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।

आवारा एवं बेसहारा पशुओं के संबंध में सत्या शर्मा ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए जाए कि सड़कों एवं प्रमुख मार्गों पर बैठे पशुओं को हटाने की प्रभावी एवं नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें निर्धारित गौशालाओं एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर पशुओं की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं एवं जनसुरक्षा संबंधी समस्याओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई नियमित रूप से की जाए और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने निगमायुक्त से दोनों विषयों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। विधानसभा में उठाए गए इन जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर दिल्लीवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

Leave a Reply