News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

चुनार से सीमेंट ढुलाई के लिए डालमिया सीमेंट और उत्तर मध्य रेलवे में करार

प्रयागराज, 10 अगस्त । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड के साथ महत्वपूर्ण अनुबंध किया है। इसके तहत चुनार स्थित संयंत्र से सीमेंट की बड़े पैमाने पर रेल के माध्यम से ढुलाई की जाएगी। इससे प्रयागराज मंडल की माल ढुलाई आय बढ़ने के साथ उद्योगों को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सोमवार को हुए अनुबंध पर डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड की ओर से राष्ट्रीय रसद संचालन प्रमुख पी. सुडलाई मुथु तथा उत्तर मध्य रेलवे की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/माल शीरत फातिमा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार मौजूद रहे।

डालमिया सीमेंट ने हाल ही में पूर्ववर्ती जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के चुनार स्थित सीमेंट संयंत्र का अधिग्रहण किया है। यहां जून 2026 से दोबारा सीमेंट उत्पादन शुरू हो चुका है। संयंत्र के पुनः संचालन के साथ रेल मार्ग से सीमेंट और कच्चे माल की ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए रेलवे के साथ यह समझौता किया गया है।

अनुबंध के तहत अगस्त में करीब 6-7 पूर्ण मालगाड़ी रेक यानी लगभग 15 हजार टन सीमेंट गाजीपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया, चिलबिला सहित अन्य स्थानों पर भेजने की योजना है। वहीं सितंबर से हर माह करीब 10 पूर्ण रेक यानी 26 हजार टन सीमेंट रेल मार्ग से भेजने की योजना बनाई गई है।

सीमेंट उत्पादन के लिए आवश्यक कच्चे माल की आपूर्ति के लिए भी करीब 15 रेक क्लिंकर और 1-2 रेक जिप्सम प्रतिमाह मंगाने की योजना है। उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ इन आवक रेकों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना है।

माल ढुलाई बढ़ाने में अहम कदम

जनसंपर्क प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने बताया कि चुनार से डालमिया सीमेंट की बड़े स्तर पर रेल ढुलाई शुरू होने से प्रयागराज मंडल की माल ढुलाई आय में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। इससे उद्योगों को बेहतर और भरोसेमंद रसद सुविधा मिलेगी तथा रेल यातायात भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि नए औद्योगिक ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ना और माल ढुलाई के नए अवसर विकसित करना मंडल की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। डालमिया सीमेंट के साथ हुआ यह समझौता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Reply