राजस्व टीम पर हमले के विरोध में तहसील में धरना, आरोपितों की गिरफ्तारी व एसएचओ के स्थानांतरण की मांग
जौनपुर,01 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव में पैमाइश के दौरान राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व टीम पर हुए कथित हमले के विरोध में शनिवार को तहसील परिसर में राजस्व कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मछलीशहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) के स्थानांतरण की मांग उठाई।
धरनारत राजस्व कर्मियों ने उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि घटना में शामिल अराजक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना था कि आरोपितों को संरक्षण मिलने से राजस्व कर्मियों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
राजस्व कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार जारी रहेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरने की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष जगवीर गौतम ने की, जबकि संचालन महामंत्री आशीष पटेल ने किया। वक्ताओं ने राजस्व कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरने में पूर्व खंड मंत्री लालचंद्र यादव, प्रदेश महामंत्री राहुल पटेल, जयशंकर यादव, जयप्रकाश शर्मा, दुर्जन प्रसाद, प्रिया मौर्या, चंद्रावती, अजीत कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।————