News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

पुलिस की मकान में दबिश, अफीम और लाखों की नकदी सहित एक गिरफ्तार

शिमला, 11 जुलाई । राजधानी शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत चौड़ा मैदान इलाके में एक मकान में पुलिस की दबिश के दौरान करीब एक किलोग्राम अफीम, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और 2 लाख 12 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 जुलाई को स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि चौड़ा मैदान स्थित एक मकान में अफीम रखी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम नियमानुसार मकान में तलाशी के लिए पहुंची।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मकान से 991 ग्राम अफीम, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और 2 लाख 12 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

इस मामले में सुरिन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय धीरज सिंह, निवासी चौड़ा मैदान, शिमला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने शनिवार को बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।

Leave a Reply