एनएसयूआई चलाएगी छात्र गूँज अभियान,जिले के हर कॉलेज में पहुंचकर छात्रों की समस्याओं पर होगा मंथन
नाहन, 11 जुलाई । छात्र संगठन एनएसयूआई सिरमौर जल्द ही छात्र गूँज कार्यक्रम के तहत जिला के प्रत्येक महाविद्यालय तक पहुंचेगा। इस अभियान के दौरान छात्रों को अपने-अपने कॉलेजों में पेश आ रही विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा और उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। यह जानकारी शनिवार को नाहन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनएसयूआई सिरमौर के जिला अध्यक्ष मंदीप ठाकुर ने दी।
मंदीप ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर एनएसयूआई द्वारा छात्र गूँज कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश भर के छात्रों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में अब सिरमौर जिले में भी यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कॉलेजों में पेपर लीक के मामलों, परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, शौचालय और छात्रावास जैसी समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति में देरी और कैंपस में सुरक्षा जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि टीम प्रत्येक कॉलेज में जाकर छात्रों से सीधा संवाद करेगी। छात्रों की शिकायतों और सुझावों को एकत्रित कर एक ज्ञापन के रूप में जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन को सौंपा जाएगा। यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो एनएसयूआई सड़कों पर उतरकर आंदोलन भी करेगी।
मंदीप ठाकुर ने सभी छात्रों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी समस्याओं को संगठन के समक्ष रखें, ताकि एक बेहतर और छात्र हितैषी माहौल का निर्माण किया जा सके।