अनूपपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर और आकाशीय बिजली से 6 मवेशियों की मौत
अनूपपुर, 01 जुलाई । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में 6 मवेशियों की मौत हो गई। मंगलवार-बुधवार की रात्रि राष्ट्रीय राज मार्ग पर ग्राम डोगरिया कला और पथरोड़ी के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर बैठे तीन मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं अनूपपुर थाना क्षेत्र के औढेरा गांव में दो गाय एवं एक बैल सहित तीन मवेशियों की गौशाला के पास आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आने पर स्थल पर मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार शाम हुई तेज बारिश के कारण आसपास के मैदानों में पानी भर गया था। सूखी जगह मिलने पर कई मवेशी रात में हाईवे पर बैठ गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पिछले वर्षों में भी इसी स्थान के आसपास कई मवेशियों की जान जा चुकी है। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े को हटाने और पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन यह आदेश सिर्फ कागजों में ही दर्ज होकर के रह गया है। नतीजन हाईवे पर आज भी बड़ी संख्या में मवेशी बैठे रहते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत
वर्षा काल प्रारंभ होते ही तेज गरज आंधी तूफान के साथ बुधवार काे आकाशीय बिजली गिरने से कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत औढेरा गांव में दो गाय एवं एक बैल सहित तीन मवेशियों की गौशाला के पास आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आने पर स्थल पर मौत हो गई। घटना की सूचना पशु मालिक रामचरण कोल एवं बेनी प्रसाद यादव निवासी औढेरा ने कोतवाली अनूपपुर में किए जाने पर पशु चिकित्सा द्वारा मौके पर पहुंचकर मृत तीनों पालतू मवेशियों के शवो का शव परीक्षण की कार्यवाही की गई।