News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

कुमाऊं विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, हल्द्वानी महाविद्यालय को कुलपति ट्रॉफी

नैनीताल, 08 जून । कुमाऊं विश्वविद्यालय की क्रीड़ा परिषद की वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी सत्र के लिए खेल गतिविधियों के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया।

कुविवि के हर्मिटेज परिसर में आयोजित हुई बैठक में विवि के क्रीड़ा सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने दो वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। वर्ष 2024-25 और 2025-26 में सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी को कुलपति ट्रॉफी प्रदान की गयी। वहीं सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर दूसरे तथा डीएसबी परिसर नैनीताल तीसरे स्थान पर रहे।

इनके साथ ही वैशाली पांडे (नैनीताल) और योगेश पांडे (रुद्रपुर) को वर्ष 2023-24 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में कुलपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। वहीं वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए कशिश शर्मा, योगेश पांडे, शिवानी तथा विक्की मुखिया को कुलपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। बैठक में खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति तथा जिला क्रीड़ा विभाग एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन करने पर भी सहमति बनी।

इस अवसर पर प्रो. संजय पंत, कार्यपरिषद सदस्य अरविंद पाड़ियार, डॉ. संदीप तिवारी, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, पूर्व क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया।

Leave a Reply