News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

फायरिंग के चार आरोपित हथियार के साथ गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 01 जून । गोलमुरी थाना क्षेत्र में मई महीने के अंतिम सप्ताह में हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार, जिंदा कारतूस और एक चोरी की बाइक भी बरामद की है।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे ने बताया कि 26 और 27 मई की रात गोलमुरी थाना क्षेत्र में फायरिंग की दो घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में गोलमुरी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच और छापामारी टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपितों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी, रविंद्र कुमार ठाकुर, बलराम सिंह उर्फ छोटू और अमन सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार विक्की सिंह गिल को पहले ही कन्हैया यादव हत्याकांड में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि इस मामले में अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने गोलीबारी की घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद बाइक का उपयोग अपराध को अंजाम देने में किया गया था।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पूर्व में भी विभिन्न मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपितों और सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply