News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

खूंटी में तोरपा क्रिकेट अकादमी के समर कैंप का शुभारंभ, बच्चों में दिखा उत्साह

खूंटी, 01 जून । तोरपा क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित समर कैंप 2026 का शुभारंभ सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कैंप के पहले दिन बच्चों और उनके अभिभावकों में क्रिकेट प्रशिक्षण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लिया और खेल की बारीकियों को सीखने की शुरुआत की।

कैंप के उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षकों ने बच्चों को क्रिकेट की प्रारंभिक तकनीकी जानकारियां दीं। खिलाड़ियों को खेल के मूलभूत नियमों, तकनीकों, अभ्यास की सही पद्धति तथा अनुशासन के महत्व के बारे में बताया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को नियमित अभ्यास, फिटनेस और खेल भावना के महत्व से भी अवगत कराया।

प्रशिक्षक देवा हस्सा, उमाकांत मुंडा, विनायक विक्रम, करमवीर महतो, सौरव शर्मा, गौरव शर्मा, अनीश होरो, राजेश नायक, विशाल कुमार एवं ऋषभ षड़ंगी ने खिलाड़ियों को क्रिकेट की बुनियादी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की प्रारंभिक जानकारी देते हुए बच्चों को खेल में निरंतर मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष दीपक तिग्गा सहित अजीत जायसवाल, सुबोध जायसवाल, नीरज जायसवाल, आशुतोष सिंह, पवन गुप्ता और राजेश प्रसाद भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त साधन है।

अकादमी के पदाधिकारियों ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और उनकी क्रिकेट प्रतिभा को निखारना है। वर्तमान में कैंप में 40 बच्चे भाग ले रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रतिभागियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग, क्षेत्ररक्षण और शारीरिक फिटनेस से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

समर कैंप के आयोजन को लेकर अभिभावकों ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभिभावकों ने अकादमी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के खेल विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।————–

Leave a Reply