डोभा से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद
खूंटी, 21 मई । मुरहू थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचघाघ जलप्रपात के पास घंसु डोभा से पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया है । डोभा में शव होने की सूचना ग्रामीणों से मिलने के बाद मुरहू थाना प्रभारी नायाल गोडविन केरकेट्टा सशस्त्र बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
शव से तीव्र दुर्गंध आने के कारण स्थानीय लोग शव के पास जाने से कतरा रहे हैं। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।