News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

कस्तूरबा विद्यालय में एआई और स्टेम लैब का उद्घाटन

खूंटी, 21 मई । जिले के मुरहू स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में गुरुवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने आधुनिक एआई और स्टेम लैब का उद्घाटन किया।

यह लैब जिला प्रशासन द्वारा सीएसआर के तहत एल्टिस कंपनी के सहयोग और अंक फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित की गई है। विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों और छात्राओं ने उपायुक्त का स्वागत किया।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकें भविष्य की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे नवाचार और तकनीकी क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकें। उन्होंने छात्राओं को लैब का अधिकतम उपयोग कर नई तकनीकों को सीखने के लिए प्रेरित किया।

इस एआई और स्टेम लैब के माध्यम से छात्राओं को रोबोटिक्स, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थ्रीडी लर्निंग और विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग एवं गणित से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त होगी। उपायुक्त ने कक्षा 07 वीं से 10 वीं तक की छात्राओं की ओर से तैयार साइंस प्रदर्शनी मॉडल का अवलोकन कर उनकी सराहना भी की।

इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था, शिक्षकों और छात्राओं की संख्या, 10 वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम, भोजन, आवासीय सुविधा और खेल मैदान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। छात्राओं से बातचीत के दौरान विज्ञान शिक्षक की कमी की समस्या सामने आई, जिस पर उपायुक्त ने जल्द शिक्षक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षक, अंक फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply