सतपुली में यूकेडी ने किया शक्ति प्रदर्शन
पौड़ी गढ़वाल, 17 मई । उत्तराखंड क्रांति दल ने रविवार को सतपुली में सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान यूकेडी ने सतपुली में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। यूकेडी के पदाधिकारियों ने भाजपा व कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
रविवार को यूकेडी ने सतपुली में सदस्यता अभियान चलाते हुए रैली निकाली। रविवार को यूकेडी ने नगर अध्यक्ष अनुराग बोठियाल की देखरेख में सदस्यता रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने जय पहाड़, जय पहाड़ी, राजधानी गैरसैंण, अंकिता व पंकज को न्याय दो के नारे लगाए। इस दौरान यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि जिस उद्देश्य के साथ उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ था, भाजपा और कांग्रेस ने उसे पूरी तरह समाप्त कर दिया है। आज उत्तराखंड के जल, जंगल, जमीन और मूल निवासियों की सुरक्षा केवल उत्तराखंड क्रांति दल ही कर सकता है। इस मौके पर महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष संतोष भंडारी, केंद्रीय उपाध्यक्ष समीर मुंडेपी, केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कर्नल कोटनाला, उपाध्यक्ष कर्नल देवरानी, केंद्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी घिल्डियाल, जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी, केंद्रीय अध्यक्ष आशुतोष नेगी, कुलदीप रावत आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।