सड़क हादसे में जान गवाने वाले पुलिसकर्मियों के शव पहुंचे जालौन, एडीजी की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ वीर सपूतों को दी गई अंतिम विदाई
उरई, 06 मई । हरियाणा के नूंह जनपद में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तर प्रदेश के जालौन जिले को गहरे शोक में डुबो दिया। जालौन के चार पुलिसकर्मी अपहरण केस में दबिश देने के लिए नूंह स्कॉर्पियो कार से गए हुए थे, इस दौरान एक्सप्रेस वे पर उनकी कार ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर अन्य वाहन से टकरा गई थी। इस दर्दनाक दुर्घटना में जालौन में तैनात दो दरोगा-सत्यभान और मोहित यादव तथा दो सिपाही प्रदीप और अशोक सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी।
बता दें कि बुधवार की सुबह सभी दिवंगत पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर उरई स्थित पुलिस लाइन लाए गए, जहां का माहौल बेहद गमगीन रहा। साथी पुलिसकर्मियों की आंखें नम थीं और हर कोई अपने वीर साथियों को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़ा। सुबह करीब 10 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीद पुलिसकर्मियों को अंतिम सलामी दी गई।
इस दौरान कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह, झांसी रेंज के आईजी आकाश कुलहरी, जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
अंतिम सलामी के बाद सभी पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांवों के लिए रवाना कर दिए गए, जहां पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान अपने साथियों को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।
वहीं, एडीजी आलोक सिंह ने कहा ये हमारे अपने सपूत हैं, जो ड्यूटी के दौरान शहीद हुए हैं। पूरा विभाग उनके परिवार के साथ खड़ा है। उनका बलिदान कभी अमिट नहीं होगा।