News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

शुरुआती कारोबार में बढ़त के बाद बना दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी ऊपरी स्तर से लुढ़के

नई दिल्ली, 06 मई । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान ऊपरी स्तर से दबाव बनता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इनकी चाल में गिरावट का रुख बन गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली होने के बावजूद ये दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करते रहे। पहले घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.34 प्रतिशत और निफ्टी 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटर ग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट लिमिटेड, बजाज ऑटो और बजाज फिनसर्व के शेयर 3.17 प्रतिशत से लेकर 1.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन कंपनी, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और ओएनजीसी के शेयर 3.34 प्रतिशत से लेकर 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,777 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,940 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 837 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर लिवाली के सपोर्ट dसे हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर सात शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 41 शेयर हरे निशान में और नौ शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 406.57 अंक की मजबूती के साथ 77,424.36 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 77,675.01 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 261.76 अंक की बढ़त के साथ 77,279.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 138.20 अंक उछल कर 24,171 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 24,250.85 अंक के स्तर तक आ गया इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से निफ्टी की चाल में भी गिरावट का रुख बनता हुआ नजर आया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली होने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही बना रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 99.70 अंक की तेजी के साथ 24,132.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 251.61 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,017.79 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 86.50 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,032.80 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply