राजस्थान दिवस सप्ताह: 37 वेद विद्यालयों के वेद अध्यापकों की कार्यशाला आयोजित होगी
जयपुर, 15 मार्च । राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत 16 मार्च (सोमवार) को क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र एवं विज्ञान पार्क, शास्त्री नगर जयपुर में सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक राजस्थान संस्कृत अकादमी की ओर से संचालित प्रदेश के 37 वेद विद्यालयों के वेद अध्यापकों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में वेद विशेषज्ञों द्वारा वेद विद्यालयों के अध्यापकों को शुक्ल यजुर्वेदीय की माध्यन्दिनी शाखा सहित सामवेद, अथर्ववेद आदि विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राजस्थान संस्कृत अकादमी की निदेशक डॉ. लता श्रीमाली ने बताया कि 17 मार्च को प्रातः 11 बजे क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र एवं विज्ञान पार्क, शास्त्री नगर जयपुर परिसर में दीक्षांत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 37 वेद विद्यालयों के शुक्ल यजुर्वेदीय माध्यन्दिनी शाखा के पंचम वर्ष में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वैदिक छात्रों को बाल शंकराचार्य सम्मान प्रदान किया जाएगा। साथ ही पंचम वर्ष के विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह भी आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि पूरे राजस्थान में निःशुल्क वैदिक संस्कार शिविर आयोजित करने वाली संस्कृत सेवी संस्थाओं के प्रधानों एवं शिविर प्रशिक्षकों को वैदिक संस्कार सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में वेद विद्यालयों के छात्र एक समान पोशाक में चारों वेदों का सस्वर पाठ प्रस्तुत करेंगे। नवाचार के रूप में पहली बार एकमात्र बालिका वेद विद्यालय—मोहरी देवी तापड़िया संस्कृत बालिका वेद विद्यालय की छात्राओं द्वारा भी वेदों का सस्वर पाठ किया जाएगा।
डॉ. श्रीमाली ने बताया कि 19 मार्च को प्रातः 9 बजे मां बगलामुखी साधना केंद्र, वेद विद्यालय गोनेर, जयपुर में राजस्थान स्थापना दिवस एवं नवरात्र स्थापना के अवसर पर राष्ट्र की रक्षा एवं सर्वजन कल्याण के लिए वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ-हवन का आयोजन किया जाएगा