News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

सिरसा नगर परिषद के वाइस चेयरमैन का चुनाव स्थगित, कांग्रेस पार्षदों में रोष

सिरसा, 18 फ़रवरी । सिरसा नगर परिषद के वाइस चेयरमैन के लिए बुधवार को होने वाला चुनाव स्थगित हो गया। चुनाव न होने से पार्षदों में नाराजगी बढ़ गई है। कांग्रेस पार्षद नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और चुनाव न होने की भनक लगी तो भडक़ गए। सूत्रों के मुताबिक भाजपा-हलोपा पार्षदों के बीच एक नाम पर सहमति न बनने के कारण चुनाव टाला गया। उल्लेखनीय है कि हलोपा के प्रत्याशी भी भाजपा के चुनाव चिह्न कमल पर लड़े थे। अब चेयरमैन के बाद वाइस चेयरमैन चुनने की बात आई तो दोनों पार्टियों में अपने-अपने पार्षद को इस पद पर बैठाने के लिए खींचतान हो गई। हालांकि किसी एक नाम पर सहमति बनाने के लिए मंत्री कृष्ण बेदी भी दो दिन पहले सिरसा पहुंचे और पार्टी के स्थानीय नेताओं व पार्षदों से बातचीत की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।

वाइस चेयरमैन पद के लिए भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर होने की संभावना थी। वाइस चेयरमैन के चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं व पार्षदों में बैठकों का दौर चला। हालांकि अभी तक किसी भी पार्टी की ओर से उम्मीदवार की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही थी। भाजपा की ओर से कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कमान संभाल रखी थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा और हलोपा समर्थित पार्षदों में आपसी नाराजगी चल रही थी, जिसका फायदा कांग्रेस को मिल सकता था। वहीं भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि वाइस चेयरमैन का चुनाव होना था वह कैंसिल हो गया है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और वे अफवाह फैला रहे हैं कि भाजपा का कोरम पूरा नहीं है।

Leave a Reply