घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग रोकने के लिए औचक निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल, 17 फ़रवरी । जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के अवैध उपयोग की जांच की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार बडोला के नेतृत्व में 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 6 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 13,800 रुपये का चालान किया गया।
नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करण सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 4 मामलों में 9,200 रुपये का चालान किया गया। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां 6 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 11,500 रुपये का चालान किया गया और 1 सिलेंडर जब्त किया गया।
इसके अतिरिक्त, खोलाचौरी और घुड़दौड़ी, पाबौ और चाकीसैंण क्षेत्रों में क्रमशः 15, 16 और 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जड़ाऊखांद क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक अचल गुप्ता के नेतृत्व में 9 प्रतिष्ठानों की जांच में 1 घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर 2,300 रुपये का चालान किया गया।
जनपद में चलाए गए इस अभियान में कुल 102 होटल, ढाबे और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 18 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के प्रकरणों में 39,100 रुपये का चालान किया गया और 1 सिलेंडर जब्त किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस का वाणिज्यिक उपयोग नियम विरुद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के सघन निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।